सुपौल/पटना (J Janmat News Desk):बिहार के सुपौल जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। छातापुर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाते हुए एक बाइक सवार युवक का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात का रूह कंपा देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
■ कार से टक्कर मारकर किया अगवा, बचाने आए लोगों पर फायरिंग:प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, एक युवक अपनी बाइक (नंबर BR50A D8174) से जा रहा था। तभी चारपहिया वाहन में सवार होकर आए बदमाशों ने पहले उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी। बाइक गिरने के बाद बदमाश युवक को जबरन अपनी गाड़ी में खींचने लगे। जब आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को बचाने के लिए बदमाशों को खदेड़ने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए बीच सड़क पर सरेआम कई राउंड फायरिंग कर दी। 
वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि राहगीर दहशत में चिल्ला रहे हैं— "देखिए, दिन को ही गोली मार रहा है सबको!" गोलीबारी के कारण लोग पीछे हटने को मजबूर हो गए और बदमाश युवक को अगवा कर तेजी से फरार हो गए।
■ पुलिस महकमे में हड़कंप:घटना की सूचना मिलते ही सुपौल पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से खोखे बरामद किए हैं और बदमाशों की गिरफ्तारी व अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी के लिए जिले भर में सघन नाकेबंदी कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वाहन के मूवमेंट को ट्रैक कर रही है।
■ बिहार में गरमाई सियासत:दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सहित विपक्षी दलों ने घटना का वीडियो साझा करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे अपराधियों के बढ़े हुए मनोबल का नतीजा बताया है।
■ जे जनमत का दृष्टिकोण:सरेआम सड़क पर गोलीबारी और अपहरण जैसी घटनाएं किसी भी राज्य की पुलिसिंग और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। अपराधियों में कानून का खौफ कायम करने के लिए पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई करनी होगी।
(J Janmat News — निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता)